
ब्रेक में खराबी के चलते खंभे को तोड़ते हुए स्कूल की ओर बढ़ा ट्रेलर, बाल-बाल बचे बच्चे
दर्री-कोरबा मुख्य मार्ग के पास तुलसी नगर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला ज्ञान ज्योति के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला लेकर बिलासपुर जा रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर सड़क किनारे लगे खंभे को तोड़ते हुए स्कूल परिसर की ओर जा घुसा, लेकिन गनीमत रही कि वह स्कूल के अंदर जाने से पहले ही रुक गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रेलर के ब्रेक में खराबी आने के कारण वाहन चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे में बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रेलर का नंबर CG 10 BW 0198 बताया गया है। चालक की पहचान आफिस विश्वकर्मा, पिता देव प्रसाद विश्वकर्मा, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी उमरिया, मध्यप्रदेश के रूप में बताई गई है। ट्रेलर कोयला लेकर बिलासपुर की ओर जा रहा था।

स्कूल के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रेलर कुछ और आगे बढ़ जाता तो स्कूल में बड़ा हादसा हो सकता था।