
“कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध इलाके में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आत्महत्या से पहले महिला ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर अपनी बहनों को भेजा था। इसके अलावा उसने कमरे की दीवार पर हाथ से सुसाइड नोट लिखकर अपनी बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाया और उसे अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी के रूप में हुई है। वह लक्ष्मणबंध में रहती थी और उसका मायका आरामशीन पारा बस्ती में बताया गया है। परिजनों के अनुसार, घर में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। लक्ष्मी का अपनी बहू पूर्णिमा महंत से अक्सर विवाद होता था।

घटना वाले दिन घर में पति, बेटे और बहू के बीच विवाद हुआ था। इस विवाद का वीडियो भी सामने आया है। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद से आहत होकर लक्ष्मी ने आत्मघाती कदम उठाया। फांसी लगाने से पहले उसने मोबाइल से वीडियो बनाया और अपनी बहनों को भेज दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतिका ने अपनी बहू को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।

फांसी लगाने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। कमरे की दीवार पर हाथ से लिखा हुआ सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतिका ने अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। लिखावट की जांच के लिए हैंडराइटिंग एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरोना काल के दौरान लक्ष्मी के पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके दो बेटे हैं। इसके बाद लक्ष्मी ने 13 जून 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार कार्तिक दास से दूसरा विवाह किया था। कार्तिक दास पेशे से ठेकेदार है और उसकी पहली पत्नी से भी बच्चे हैं। वहीं लक्ष्मी की बहू पूर्णिमा महंत के पति संजय दास निजी कंपनी में काम करते हैं। दोनों का करीब तीन वर्ष का बेटा भी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट, वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।