
अशोक कुमार जोगी 31 अगस्त को रिटायर हो गए। कटघोरा SDO अनुज कुमार भार्गव को प्रभारी EE बनाया गया। टेंडर मामलों पर उठे सवालों के बीच अब विभागीय फाइलों पर नजर। कोरबा।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) संभाग में 31 अगस्त को बड़ा बदलाव हुआ। लंबे समय से संभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) की जिम्मेदारी संभाल रहे अशोक कुमार जोगी सेवानिवृत्त हो गए। उनके रिटायरमेंट के बाद विभाग ने कटघोरा के एसडीओ अनुज कुमार भार्गव को प्रभारी कार्यपालन अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी है। जोगी के रिटायर होते ही अब RES संभाग में उनके कार्यकाल के दौरान हुए टेंडर और निर्माण कार्यों को लेकर उठते रहे सवालों पर फिर चर्चा तेज हो गई है। खासकर कथित टेंडर गड़बड़ियों को लेकर विभागीय स्तर पर क्या कुछ हुआ, इसकी परतें अब खुलेंगी या फिर फाइलों में ही दबकर रह जाएंगी,
यह देखने वाली बात होगी। रिटायरमेंट के साथ बदली कुर्सी, अब बदलेंगे हालात? ईई की कुर्सी संभालते ही अनुज भार्गव के सामने विभाग के लंबित मामलों और निर्माण कार्यों की बड़ी जिम्मेदारी होगी। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रभारी ईई पुराने टेंडरों और विवादित कार्यों की फाइलों को नए सिरे से खंगालेंगे? विभाग में टेंडर प्रक्रिया, कार्यों की स्वीकृति, तकनीकी प्रक्रिया और भुगतान से जुड़े मामलों की यदि निष्पक्ष जांच होती है तो कई ऐसे सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं, जिन पर लंबे समय से चर्चा होती रही है। ‘टेंडर घोटाले’ की चर्चा, जांच हुई तो कई चेहरे बेनकाब? RES संभाग में कथित टेंडर घोटाले को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है। अब जोगी के रिटायरमेंट के बाद विभाग की कमान नए प्रभारी ईई के हाथ में है
।