
कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर तड़के करीब 4 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पेड़ से टकराने के बाद करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया।

हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय रूपेश पटेल की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दूसरा युवक आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BV 8131 तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे पेड़ से जा भिड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर बाकीमोंगरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
