
कटघोरा थाना क्षेत्र के कटोरी–नगोई में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं जनपद सदस्य अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े की गई नृशंस हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 425/25 के तहत धारा 103(1), 238(ए), 61(2)(ए), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया है।
23 दिसंबर 2025 को अक्षय गर्ग अपने इनोवा वाहन से ग्राम कटोरी–नगोई स्थित सड़क निर्माण कार्य के कैंप पहुंचे थे। सुबह लगभग 10 बजे वे मजदूरों से कार्य संबंधी चर्चा कर रहे थे, तभी चार पहिया वाहन से पहुंचे हमलावरों ने उन पर लोहे की धारदार टंगिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन और सहयोगी उन्हें तत्काल हरिकृष्ण अस्पताल कटघोरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितिश ठाकुर के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने साइबर और एफएसएल की मदद से तकनीकी व भौतिक साक्ष्य एकत्र कर महज 7–8 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी मिर्जा मुस्ताक अहमद (27 वर्ष) निवासी ग्राम मलदा, उसके सहयोगी विश्वजीत ओगरे (21 वर्ष) निवासी सिंघिया कोरबी तथा गुलशन दास (26 वर्ष) निवासी ग्राम मलदा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि मिर्जा मुस्ताक ने हत्या की पूरी साजिश रची और पेट पर वार किया, जबकि विश्वजीत ओगरे ने टंगिया से सिर पर हमला किया। गुलशन दास मृतक की आवाजाही की जानकारी आरोपियों को देता था। एक विधि से संघर्षरत बालक भी वारदात में शामिल पाया गया।जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने एक दिन पहले भी अक्षय गर्ग की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन उस समय सफल नहीं हो सके थे। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे ठेकेदारी को लेकर व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता, जनपद चुनाव के दौरान राजनीतिक रंजिश और क्षेत्र में प्रभाव को लेकर उपजा विवाद मुख्य कारण रहा है।आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया, चापड़, चार पहिया वाहन, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
