
जिले में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसते हुए कोरबा पुलिस ने 19 जून गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों और चौकियों में जब्त की गई करीब 10,000 लीटर अवैध मदिरा का टेंडम रोलर से विधिवत नष्टीकरण किया। यह प्रक्रिया पुलिस लाइन कोरबा परिसर में संपन्न हुई, जिसमें पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरे

वीडियोग्राफी की मदद ली गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह नष्टीकरण छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज 1,866 प्रकरणों से संबंधित था। जब्त शराब में 7,565 लीटर महुआ शराब, 1,356 लीटर देशी शराब और 990 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। इस कार्रवाई में थाना कटघोरा से 346, बांकीमोंगरा से 209 और बांगो थाना से 200 प्रकरण सबसे अधिक दर्ज किए गए थे, जबकि शेष मामले अन्य थानों से प्राप्त हुए थे।यह संपूर्ण कार्यवाही कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त अनुमति एवं प्रमाण-पत्र के आधार पर संपन्न हुई। पूरे नष्टीकरण की प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के माध्यम से किया गया।पुलिस विभाग ने बताया कि इससे पहले जिले में 852 लावारिस वाहनों की नीलामी तथा 652 विसरा प्रकरणों का विधिवत निपटान भी किया जा चुका है। कोरबा पुलिस की यह पहल न केवल कानूनी प्रक्रिया के अनुपालन की दिशा में अहम मानी जा रही है, बल्कि इससे थाना परिसरों में वर्षों से संचित अनुपयोगी जब्ती मदिरा से निजात, स्वच्छता, स्थान की उपलब्धता और कार्यस्थल की सुव्यवस्था सुनिश्चित हुई है।जिला पुलिस का कहना है कि थानों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं उत्तरदायी बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से की जाती रहेगी।